दिल्ली। महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद विजय सिंह पथिक की जयंती को भव्य और ऐतिहासिक रूप देने के लिए अखिल भारतीय गुर्जर महासभा ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं। इसी क्रम में दिल्ली के तुगलक रोड स्थित आवास पर भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री श्री जयंत चौधरी से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें उन्हें पथिक जयंती समारोह में अतिथि रूप में आमंत्रित किया गया।
यह बैठक अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री हरिश्चंद्र भाटी तथा डॉ. यशवीर सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुई। बैठक का संचालन गौतम बुद्ध नगर जिला अध्यक्ष अशोक भाटी ने किया। अशोक भाटी ने जानकारी दी कि यह कार्यक्रम ग्रेटर नोएडा स्थित अखिल भारतीय गुर्जर संस्कृति शोध संस्थान “गुर्जर भवन” में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ 27 फरवरी 2026 को यज्ञ-हवन एवं समाज के युवाओं के सम्मेलन से होगा। इसके साथ ही उद्यमिता विकास प्रदर्शनी, किसान सम्मेलन, भव्य जयंती समारोह तथा सामूहिक भोजन की व्यवस्था रहेगी। महिलाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। आयोजन का मुख्य लक्ष्य समाज में युवाओं और महिलाओं को नेतृत्व के लिए प्रेरित करना है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने शहीद विजय सिंह पथिक के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में किसानों और आमजन के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनका जीवन त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति का अद्वितीय उदाहरण है।
बैठक में जोगिंदर अवाना, जनार्दन सिंह भाटी, डॉ. जिलेसिंह, विपिन प्रधान, सिंहराज गुर्जर, रामकेश चपराना, विजयपाल कसाना, बबली कसाना, विनय प्रधान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पथिक जयंती का यह आयोजन उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने का एक सार्थक प्रयास बताया गया।
0 टिप्पणियाँ