रामानंद तिवारी संवाददाता राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाइन टाईम्स नई दिल्ली।
— निजी समाचार पत्र कॉन्क्लेव, नई दिल्ली में मुख्यमंत्री का संबोधन
नई दिल्ली, 06 दिसंबर 2025।
नई दिल्ली में आयोजित एक निजी समाचार पत्र के कॉन्क्लेव में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तुत विकसित भारत विजन-2047 को पूरा करने में देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश की भूमिका निर्णायक होगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने 98 लाख जन-सुझावों के आधार पर 12 प्रमुख सेक्टरों वाला विस्तृत विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है, जो 1 ट्रिलियन डॉलर की यूपी अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को साकार करने में मार्गदर्शक बनेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा को अपने जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि 500 वर्षों के संघर्ष का साक्षी बनकर भव्य मंदिर का निर्माण देखना किसी सौभाग्य से कम नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि प्राण प्रतिष्ठा के बाद अब तक लगभग 24 करोड़ श्रद्धालु रामनगरी अयोध्या पहुंच चुके हैं, जो इस परिवर्तन की ऐतिहासिकता को दर्शाता है।
निवेश के क्षेत्र में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य को अब तक कुल 45 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 15 लाख करोड़ की परियोजनाएं भूमि पर उतर चुकी हैं और उत्पादन भी शुरू कर चुकी हैं। लगभग 5 लाख करोड़ रुपये की नई परियोजनाएं पाइपलाइन में हैं, जिनके लिए आगामी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी की तैयारी चल रही है।
इंफ्रास्ट्रक्चर पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी आज राष्ट्रीय एक्सप्रेसवे नेटवर्क में 55% हिस्सेदारी के साथ शीर्ष पर है। 2017 में केवल दो एयरपोर्ट संचालित थे, जबकि आज यह संख्या बढ़कर 16 हो चुकी है और नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट जल्द शुरू होने वाला है।
कानून-व्यवस्था पर मुख्यमंत्री ने दो-टूक कहा कि राज्य में जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी। बेटियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों के लिए कड़ी कार्रवाई होगी और माफियाओं के लिए “कानून उनकी ही भाषा में जवाब देगा।” उन्होंने कहा कि यूपी अब दंगा-मुक्त और माफिया-मुक्त होकर विकास के नए युग में प्रवेश कर चुका है।
मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि युवाओं के भविष्य, किसानों की समृद्धि और बेटियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक हर सख्त कदम बिना किसी संकोच के उठाए जाएंगे।
0 टिप्पणियाँ