कर्मवीर आर्य संवाददाता राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाइन टाईम्स गौतमबुद्ध नगर।
नोएडा, 12 सितम्बर 2025।
सलारपुर स्थित भाकियू जिलाध्यक्ष अशोक भाटी के नेतृत्व में चल रही बाढ़ पीड़ितों के लिए टिकैत रसोई के दसवें दिन स्वर्गीय कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला की जयंती भव्य रूप से मनाई गई। कार्यक्रम में क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे और कर्नल बैंसला की तस्वीर पर दीप प्रज्वलित कर तथा माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला गुर्जर समाज के महान नेता थे जिन्होंने समाज को नई पहचान दी और शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ आरक्षण आंदोलन का नेतृत्व किया। भारतीय सेना में रहते हुए उन्होंने चीन और पाकिस्तान सहित कई मोर्चों पर देश के लिए बहादुरी से लड़ाई लड़ी। 31 मार्च 2022 को उनके निधन से समाज ने एक क्रांतिकारी नेता को खो दिया, लेकिन उनका योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।
इस अवसर पर राजस्थान में आरक्षण आंदोलन के दौरान शहीद हुए 72 वीरों को भी नमन किया गया। कार्यक्रम में जलकेश बाबूजी, रामकेश चपराना, मनोज त्यागी, राजेश सिंह, गजराज अवाना, जगदीश भड़ाना, मदन भाटी सहित अनेक सम्मानित लोग मौजूद रहे।
अशोक भाटी ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों की सेवा के साथ-साथ पितृपक्ष श्राद्ध पर्व पर पूर्वजों, स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों को नमन करना हमारे लिए गौरव का अवसर है। प्रतिदिन की तरह आज भी रायपुर पुस्ता से बाजितपुर पुस्ता तक प्रसाद वितरण किया गया।
कार्यक्रम में गजेंद्र रेक्सवाल, अरविंद रेक्सवाल, रविंद्र चौहान, संचित चौहान, सिंहराज गुर्जर, अरुण गुर्जर, राजीव अवाना सहित अनेक सेवादार निस्वार्थ भाव से सेवा कार्यों में जुटे रहे। श्रद्धा और सेवा भाव से परिपूर्ण यह आयोजन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना।
0 टिप्पणियाँ