मनोज तोमर ब्यूरो के राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाइँ टाईम्स गौतम बुद्ध नगर।
यमुना प्राधिकरण में 79वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी और स्वतंत्रता प्राप्ति में दी गई कुर्बानियों को याद करते हुए इसके महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्राधिकरण की उपलब्धियों और भविष्य की विकास योजनाओं की जानकारी दी।
विशेष कार्याधिकारी शैलेन्द्र भाटिया ने 1757 के प्लासी युद्ध से लेकर 1947 तक के स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख पड़ावों का विस्तृत वर्णन किया। उन्होंने स्वास्थ्य, खाद्यान्न, अंतरिक्ष विज्ञान, मानव विकास, निष्पक्ष चुनाव, भारतीय सेना, डिजिटल प्रगति और विदेशों में भारतीयों की उपलब्धियों को देश के गौरवपूर्ण अध्याय बताया। साथ ही, जेवर एयरपोर्ट, ईएमसी में इलेक्ट्रॉनिक उद्योग और फोक्सकोन सेमीकंडक्टर यूनिट जैसी परियोजनाओं से होने वाले क्षेत्रीय विकास का भी उल्लेख किया।
विशेष कार्याधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने स्वतंत्रता के इतिहास पर रोचक जानकारी दी, जबकि महाप्रबंधक वित्त अशोक कुमार सिंह ने मध्यकालीन से आधुनिक इतिहास तक की यात्रा पर विचार साझा किए।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित अधिकारियों और अतिथियों ने सराहा। अंत में राकेश कुमार सिंह और अन्य अधिकारियों ने बच्चों व शिक्षकों को सम्मानित किया, जिससे कार्यक्रम में उत्साह का संचार हुआ।
यमुना प्राधिकरण का यह आयोजन न केवल स्वतंत्रता संग्राम की यादें ताज़ा करने वाला रहा, बल्कि भविष्य के विकास की दिशा में भी प्रेरणा देने वाला साबित हुआ।
0 टिप्पणियाँ