राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाइन टाईम्स विशेष संवाददाता लखनऊ।
महर्षि महेश योगी रामायण विश्वविद्यालय को संचालन की अनुमति, अजय कुमार गर्ग विश्वविद्यालय को आशय-पत्र जारी
लखनऊ, 04 जुलाई 2025।
उत्तर प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दो नए निजी विश्वविद्यालयों को स्वीकृति प्रदान की है।
अयोध्या में महर्षि महेश योगी रामायण विश्वविद्यालय को विधिवत संचालन की अनुमति प्रदान की गई है, वहीं गाजियाबाद में अजय कुमार गर्ग विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए आशय-पत्र जारी किया गया है।
प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने बताया कि राज्य सरकार निजी क्षेत्र की भागीदारी से उच्च शिक्षा में नवाचार और अधोसंरचना विकास को बढ़ावा दे रही है। इन दोनों विश्वविद्यालयों को स्थानीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने और प्रदेश को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में स्वीकृति दी गई है।
अयोध्या स्थित विश्वविद्यालय को महर्षि रामायण विद्यापीठ ट्रस्ट, दिल्ली द्वारा संचालित किया जाएगा, जिसे उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) अधिनियम 2025 के तहत अधिसूचित किया गया है। यह विश्वविद्यालय अब निर्धारित शर्तों के तहत औपचारिक रूप से कार्य करेगा।
वहीं, अजय कुमार गर्ग विश्वविद्यालय, गाजियाबाद को उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम 2019 की धारा-6 के अंतर्गत आशय-पत्र मिला है, जिसके लिए 5 करोड़ रुपये की स्थायी निधि, 20 एकड़ भूमि और 24,000 वर्ग मीटर शैक्षणिक भवन की शर्तें निर्धारित हैं।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी, प्रमुख सचिव एम.पी. अग्रवाल, विशेष सचिव निधि श्रीवास्तव सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ