फ्यूचर लाइन टाईम्स, रिपोर्टर रामा नन्द तिवारी,दिनांक 21 सितम्बर 2019, बस्ती :
बस्ती फोरलेन पर मुंडेरवा थाना क्षेत्र के नरियांव चौराहे पर शुक्रवार की सुबह आगे चल रहे ट्रेलर से एक ट्रक भिड़ गया। हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। खलासी को गंभीर चोट आई। उसकी मदद के लिए नीचे उतरे चालक को कोई अज्ञात वाहन रौंदते हुए निकल गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस व एनएचएआई की टीम ने मलबे में फंसे खलासी को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा। चालक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बरेली के फरीदपुर, गोआइन गांव निवासी चालक जितेन्द्र सिंह (42) बरेली से प्लाई बोर्ड लादकर असम जा रहा था। उसके साथ खलासी इशहाक खान निवासी नवाबखान थाना फरीदपुर, बरेली भी ट्रक में सवार था। शुक्रवार की सुबह बस्ती-गोरखपुर फोरलेन पर मुंडेरवा थाने के नरियांव के पास आगे चल रहे ट्रेलर में ट्रक पीछे से जा भिड़ा। हादसे में खलासी घायल हो गया। खलासी को बाहर निकालने के लिए चालक जितेन्द्र ट्रक से नीचे उतरा, इसी बीच आए एक तेज रफ्तार वाहन ने उसे रौंद दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। क्षतिग्रस्त ट्रक को फोरलेन से हटाकर यातायात बहाल कराया गया। मुंडेरवा पुलिस का कहना है कि चालक को रौंद कर भागने वाले वाहन को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।
0 टिप्पणियाँ