-->

नोएडा प्राधिकरण की लापरवाही से बरौला बेहाल: कीचड़, जलभराव और टूटी सड़कों से त्रस्त ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, घेराव की चेतावनी"

कुलदीप चौहान संवाददाता राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाईन टाइम्स नोएडा।

नोएडा, 27 जुलाई। नोएडा प्राधिकरण की कथित घोर लापरवाही और वर्षों से चली आ रही अनदेखी के विरोध में सोमवार को ग्राम बरौला के सैकड़ों ग्रामीण सड़कों पर उतर आए। भाकियू लोकशक्ति के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान के नेतृत्व में ग्रामीणों ने गांव की मुख्य सड़क पर जोरदार प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो नोएडा प्राधिकरण कार्यालय का घेराव किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही नोएडा प्राधिकरण के सीनियर मैनेजर आर.के. शर्मा, सीनियर मैनेजर रोहित सिंह और सीनियर मैनेजर पी.सी. सैन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने अधिकारियों को एलिवेटेड के नीचे मुख्य मार्ग, जूस कॉर्नर डीएससी रोड से चौहान चौपाल तक की सड़क, गांव की गलियों, सीवर, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कराया। जगह-जगह फैली गंदगी, कीचड़, टूटी सड़कें और बदहाल व्यवस्था देखकर अधिकारियों ने भी स्थिति का जायजा लिया।

इसके बाद ग्रामीणों ने सीईओ, नोएडा प्राधिकरण के नाम अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। अधिकारियों ने कार्यों के लिए दो माह का समय मांगा, लेकिन ग्रामीण तत्काल समाधान की मांग पर अड़े रहे। अंततः अधिकारियों ने शीघ्र उच्च अधिकारियों के साथ वार्ता कराने का आश्वासन दिया।

चौधरी बीसी प्रधान ने कहा कि प्राधिकरण की उदासीनता के कारण बरौला गांव नरक जैसी स्थिति में पहुंच गया है। बच्चे कीचड़ से होकर स्कूल जाने को मजबूर हैं, महिलाएं और बुजुर्ग घरों से निकलने में परेशान हैं तथा जलभराव के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि यह केवल बरौला गांव की नहीं, बल्कि नोएडा के अधिकांश गांवों की समस्या है। जब तक गांवों को शहर जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलेंगी, आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदर्शन में हरेन्द्र सिंह, ओमप्रकाश गुर्जर, राजकुमार मोनू, चमन चौहान, आशीष चौहान, सुनील बैसोया, शिवकुमार, महेश बैसोया, पप्पू कश्यप, अंकुर कश्यप, सतेंद्र सिंह, उमेश चौहान सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ