-->

कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि, 'जरा याद करो कुर्बानी' पुस्तक का हुआ लोकार्पण

ताहिर अली संवाददाता राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाईन टाइम्स गाजियाबाद।

साहिबाबाद। जी.टी. रोड स्थित शहीदे आज़म भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव पार्क में शनिवार को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कारगिल के वीर शहीदों को नमन करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया तथा रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल अर्जुन सिंह यादव द्वारा लिखित पुस्तक "जरा याद करो कुर्बानी" और उपन्यास "सैनिकी" का लोकार्पण किया गया।

समारोह के मुख्य वक्ता शिक्षाविद राम दुलार यादव ने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सेना ने विपरीत परिस्थितियों में अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति का परिचय देते हुए दुश्मन के कब्जे वाली चौकियों पर तिरंगा फहराया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना जाति और धर्म से ऊपर उठकर देश की रक्षा करती है और पूरे समाज के लिए एकता व धर्मनिरपेक्षता की मिसाल है। उन्होंने कारगिल युद्ध के 527 से अधिक शहीदों को याद करते हुए कैप्टन विक्रम बत्रा, कैप्टन मनोज पांडेय तथा परमवीर चक्र विजेता ग्रेनेडियर योगेंद्र सिंह यादव के शौर्य को नमन किया। साथ ही समाज में भाईचारा, प्रेम और सहयोग की भावना मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्राचार्य डॉ. विशन लाल गौड़ ने की, जबकि मुख्य अतिथि कर्नल तुली रहे। संचालन पर्यावरणविद कालीचरण चौधरी ने किया। इस अवसर पर पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक श्रवण कुमार यादव, कैलाश चंद्र, सम्राट सिंह यादव, अनिल मिश्र, जय नारायण शर्मा, प्रवीण वर्मा सहित अनेक वक्ताओं ने विचार रखे। हुकुम सिंह, राजेंद्र सिंह और पंडित विनोद त्रिपाठी ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। अंत में उपस्थित सभी लोगों को कर्नल अर्जुन सिंह यादव की दोनों पुस्तकें भेंट की गईं और शहीदों के बलिदान को सदैव स्मरण रखने का संकल्प लिया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ