राजेंद्र चौधरी संवाददाता राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाईन टाइम्स गाजियाबाद।
गाजियाबाद। श्रावण मास में आयोजित होने वाली कावड़ यात्रा को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए गाजियाबाद नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सभी विभागीय अधिकारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक कर कावड़ मार्गों पर चल रहे कार्यों की प्रगति जानी और समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि कावड़ शिविरों में प्रतिबंधित प्लास्टिक और थर्माकोल का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। शिविर संचालकों को स्टील के बर्तनों के उपयोग के लिए जागरूक करने के निर्देश जोनल प्रभारियों को दिए गए हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग को कावड़ मार्गों, मंदिरों और शिविरों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने, नियमित फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कावड़ मार्गों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, पाइपलाइन लीकेज की त्वरित मरम्मत, बैरिकेडिंग, विश्राम स्थलों की व्यवस्था, पेड़ों की छंटाई तथा हरित क्षेत्रों की सफाई पर भी विशेष जोर दिया गया। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि कावड़ मार्गों, फुटपाथों और पार्किंग स्थलों से अवैध अतिक्रमण तत्काल हटाया जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
नगर निगम मुख्यालय स्थित इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर (ICCC) तथा इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) के माध्यम से पूरे कावड़ मार्ग की लगातार निगरानी की जाएगी। अपर नगर आयुक्तों को सभी व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नगर आयुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश देते हुए मोबाइल टॉयलेट, स्थायी एवं अस्थायी शौचालयों, कावड़ शिविरों और प्रमुख मंदिरों की स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा। नगर निगम का लक्ष्य है कि इस वर्ष कावड़ यात्रा महोत्सव को स्वच्छ, सुरक्षित और सुचारु व्यवस्थाओं के साथ सफल बनाया जाए, जिसके लिए सभी विभाग युद्धस्तर पर कार्य कर रहे हैं।
0 टिप्पणियाँ