मनोज तोमर ब्यूरो चीफ राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाईन टाइम्स गौतमबुद्ध नगर।
ग्रेटर नोएडा। छात्र अधिकार संघ के संस्थापक अरुण नागर ने जीएल बजाज संस्थान में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर को शिकायत सौंपकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उनका आरोप है कि कॉलेज में एडमिशन के नाम पर छात्रों से निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त 5 से 7 लाख रुपये तक की अवैध वसूली की जा रही है।
अरुण नागर ने कहा कि बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, आगरा और गोरखपुर सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से छात्र-छात्राएं बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर ग्रेटर नोएडा आते हैं, लेकिन उन्हें कथित रूप से दलाली और डोनेशन की मांग का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि अच्छे अंक प्राप्त करने वाले आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को प्रवेश से वंचित कर दिया जाता है, जबकि अधिक धन देने वाले कम अंक वाले छात्रों को प्राथमिकता मिलती है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि एडमिशन सेल में बाहरी व्यक्तियों और अभिभावकों के मोबाइल फोन ले जाने पर रोक लगाई जाती है, जिससे पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े होते हैं। सोशल मीडिया और विभिन्न समाचार माध्यमों में भी इस संबंध में कई बार आरोप सामने आ चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
अरुण नागर ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो छात्र अधिकार संघ व्यापक आंदोलन और प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा।
इस अवसर पर कन्हैया, हर्ष पांडे, प्रियांशु राय, दिवाकर, आरुष, एडवोकेट देवेश भाटी एवं विनीत बैसला सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ