-->

आयुक्त ने किया बुढाना नगर पंचायत पुस्तकालय का उद्घाटन, मेधावी छात्राओं को किया सम्मानित

धर्मपाल सिंह बैसला ब्यूरो के राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाईन टाइम्स मुजफ्फरनगर।
बुढाना। नगर पंचायत बुढाना में छात्रों के शैक्षिक विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से स्थापित पुस्तकालय का उद्घाटन सहारनपुर मंडल के आयुक्त, जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम से पूर्व आयुक्त महोदय ने तहसील बुढाना पहुंचकर उप जिलाधिकारी कृष्णकांत, पुलिस क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार महेंद्र सिंह यादव तथा अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके पश्चात नगर पंचायत कार्यालय में समाजसेवी एवं क्षेत्रीय गणमान्य व्यक्तियों द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। आयुक्त महोदय ने पुस्तकालय का फीता काटकर उद्घाटन किया और जिलाधिकारी, एसएसपी तथा नगर पंचायत अध्यक्ष उमा त्यागी के साथ पुस्तकालय का निरीक्षण भी किया।
सभा को संबोधित करते हुए आयुक्त महोदय ने कहा कि यह पुस्तकालय क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। यहां छात्र-छात्राएं शांत वातावरण में अध्ययन कर सकेंगे, जिससे उनकी एकाग्रता और शैक्षिक प्रदर्शन में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल अन्य नगर पंचायतों के लिए भी प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष उमा त्यागी एवं पूर्व डीसीडीएफ अध्यक्ष सुबोध त्यागी ने अतिथियों को शॉल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
अधिशासी अधिकारी आलोक रंजन ने कहा कि पुस्तकालय विद्यार्थियों में अध्ययन की संस्कृति को बढ़ावा देगा और उन्हें बेहतर शैक्षिक संसाधन उपलब्ध कराएगा। कार्यक्रम में नगर पंचायत के सभासदों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, शिक्षाविदों, व्यापारियों तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
अंत में पूर्व डीसीडीएफ अध्यक्ष सुबोध त्यागी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ