-->

₹2,479 करोड़ की 70 विकास परियोजनाओं की सौगात, गौतमबुद्ध नगर को मिलेगी नई रफ्तार

मनोज तोमर ब्यूरो चीफ राष्ट्रीय दैनिक हिंदी फ्यूचर लाईन टाइम्स गौतमबुद्ध नगर।
ग्रेटर नोएडा, 27 जून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को गौतमबुद्ध नगर के दौरे पर जनपद को विकास की बड़ी सौगात देंगे। सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लगभग ₹2,479 करोड़ लागत की 70 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 के चौथे संस्करण की कर्टेन रेजर सेरेमनी का शुभारंभ भी करेंगे। साथ ही ओडीओपी एवं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को टूलकिट वितरित करेंगे तथा एमएसएमई इकाइयों एवं तकनीकी उन्नयन योजना के अंतर्गत सब्सिडी चेक प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के लाभार्थियों को भी चेक वितरित किए जाएंगे और उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंकर्स को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
नोएडा एवं दादरी विधानसभा क्षेत्रों में प्रस्तावित परियोजनाओं में सड़क, सीवर, जलापूर्ति, विद्युत एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाएँ शामिल हैं। इनमें 5 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 65 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। इन परियोजनाओं से औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार सृजन को नई गति मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता 'नन्दी', सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री राकेश सचान, एमएसएमई राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी, लोक निर्माण राज्य मंत्री बृजेश सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं और एमएसएमई प्रोत्साहन योजनाओं से गौतमबुद्ध नगर को औद्योगिक विकास का नया आयाम मिलेगा तथा प्रदेश की "छोटे उद्यम, बड़ी उड़ान – उन्नत यूपी की यही पहचान" की सोच को और मजबूती मिलेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ