-->

बाबा साहेब की मूर्ति तोड़ने की घटना: साजिश का आरोप, लोनी में शांति बनाए रखने की अपील

ताहिर अली संवाददाता राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाईन टाइम्स गाजियाबाद।
लोनी/इंदिरापुरम, 19 अप्रैल 2026।
लोनी के इंदिरापुरम क्षेत्र में डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति को क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। इस घटना को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने इसे एक बड़ी साजिश बताते हुए कड़ी निंदा की है।
खतौली के विधायक मदन भैया ने इस घटना को समाज में जातीय तनाव फैलाने की सुनियोजित कोशिश करार दिया। उन्होंने कहा कि षड्यंत्रकारी लोनी में भाईचारे के माहौल को बिगाड़ना चाहते हैं, लेकिन यहां की जागरूक और धैर्यवान जनता उनके मंसूबों को कभी सफल नहीं होने देगी। उन्होंने यह भी कहा कि लोनी की जनता ने हमेशा कठिन परिस्थितियों में भी संयम और शांति का परिचय दिया है।
मदन भैया ने लोगों से अपील की कि इस संवेदनशील समय में सभी नागरिक शांति और भाईचारा बनाए रखें तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस अतिनिंदनीय कृत्य में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए और उन पर देशद्रोह जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए।
स्थानीय लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख और नाराजगी जताते हुए कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर केवल एक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और समानता के प्रतीक हैं। उनकी मूर्ति को नुकसान पहुंचाना समाज की भावनाओं को आहत करने जैसा है।
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ