-->

दादरी के विकास पुरुष विधायक तेजपाल सिंह नागर की पहल, क्षेत्र में बस सेवा व मेट्रो विस्तार को लेकर परिवहन मंत्री को लिखे तीन पत्र

कर्मवीर आर्य संवाददाता राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाइन टाईम्स गौतम बुद्ध नगर।
दादरी/ग्रेटर नोएडा। दादरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक मा. तेजपाल सिंह नागर ने क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही सार्वजनिक परिवहन की मांग को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय परिवहन मंत्री को एक साथ तीन महत्वपूर्ण पत्र प्रेषित किए हैं। इन पत्रों में दादरी और ग्रेटर नोएडा वेस्ट सहित नोएडा एक्सप्रेस-वे क्षेत्र में नई बस सेवाएं शुरू कराने एवं मेट्रो परियोजना के शीघ्र क्रियान्वयन की मांग की गई है।
पहले पत्र में विधायक ने दादरी, जारचा, एनटीपीसी, धौलाना और पिलखुआ मार्ग सहित गाजियाबाद से कचैड़ा, दुजाना, एनटीपीसी तथा दादरी से जारचा-लुहारली तक बस संचालन प्रारंभ कराने का आग्रह किया है, ताकि ग्रामीण अंचल के लोगों को सीधी और सुलभ परिवहन सुविधा मिल सके।
दूसरे पत्र में नोएडा एक्सप्रेस-वे पर परी चौक से बॉटनिकल गार्डन तक बस सेवा शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया है। इसमें एमपीएस पुलिस चौकी, टीसीएस, सेक्टर-156, सेक्टर-168, सेक्टर-129, सेक्टर-148, सेक्टर-147 मेट्रो, शाहदरा, लॉजिक्स मॉल और सेक्टर-137 मेट्रो होते हुए बॉटनिकल गार्डन तक रूट निर्धारित करने का सुझाव दिया गया है। विधायक ने इसे लाखों दैनिक यात्रियों के लिए राहतकारी कदम बताया है।
तीसरे पत्र में ग्रेटर नोएडा वेस्ट से सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन तक सीधी बस सेवा प्रारंभ करने तथा मेट्रो परियोजना को शीघ्र स्वीकृति देने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त सार्वजनिक परिवहन न होने से क्षेत्रवासियों को ट्रैफिक जाम, प्रदूषण और आर्थिक बोझ का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक तेजपाल सिंह नागर की इन पहलों को क्षेत्र में विकास की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। जनता का कहना है कि “विकास पुरुष” के रूप में वे लगातार बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सक्रिय हैं। यदि प्रस्तावित बस सेवाएं और मेट्रो विस्तार शीघ्र लागू होते हैं तो दादरी विधानसभा क्षेत्र को यातायात के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ