-->

खानपुर की शानदार जीत, 124 रनों से दुहाई को हराकर टूर्नामेंट में दर्ज की दमदार बढ़त

मनोज तोमर ब्यूरो चीफ राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाइन टाईम्स गौतमबुद्ध नगर।
दादरी। ग्राम अछेजा में आयोजित 64 गांवों की सोलहवीं स्व. प्रोफेसर मनवीर सिंह नागर मेमोरियल ग्रामीण क्रिकेट प्रतियोगिता के राउंड-वन नॉकआउट चरण का तीसरा मुकाबला ग्राम खानपुर और ग्राम दुहाई की टीमों के बीच खेला गया। मैच में टॉस जीतकर दुहाई की टीम ने पहले गेंदबाज़ी करने का निर्णय लिया।
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए खानपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 258 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। खानपुर की ओर से सुशांत भाटी ने 54 रन और पवन भाटी ने 58 रन की शानदार पारियां खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। दुहाई की ओर से कप्तान सागर ने अच्छी गेंदबाज़ी करते हुए 4 ओवर में 63 रन देकर 2 विकेट हासिल किए, जबकि अन्य तीन गेंदबाज़ों को एक-एक विकेट मिला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दुहाई की टीम खानपुर की सटीक गेंदबाज़ी के सामने टिक नहीं सकी और 16.5 ओवरों में 134 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। खानपुर की ओर से गौरव बोसता ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 4 विकेट लेकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दुहाई की ओर से कप्तान सागर ने सर्वाधिक 39 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज़ अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके।
खानपुर की टीम ने यह मुकाबला 124 रनों के बड़े अंतर से जीतकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। सुशांत भाटी को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इस अवसर पर राधे श्याम बाबा, अनिल गुरुजी दुजाना, धीरज दुजाना, कपिल नागर (दिल्ली पुलिस), सनी नागर, रोहित शर्मा, परशु नागर सहित ग्राम अछेजा और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। दर्शकों के उत्साह ने मैच का रोमांच और बढ़ा दिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ