मनोज तोमर ब्यूरो चीफ राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाईन टाइम्स गौतमबुद्ध नगर।
लखनऊ/दादरी। दादरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक तेजपाल नागर ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर उनका स्नेह, आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। आत्मीय वातावरण में हुई इस मुलाकात के दौरान दादरी विधानसभा क्षेत्र के विकास एवं किसानों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। विधायक तेजपाल नागर ने मुख्यमंत्री के समक्ष दादरी क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताओं के साथ-साथ किसानों की समस्याओं एवं जनहित के विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से रखा। उन्होंने क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, विकास परियोजनाओं को गति देने तथा किसानों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों के कल्याण को प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अन्नदाताओं के हितों की रक्षा, कृषि विकास और ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र उत्थान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। साथ ही दादरी विधानसभा के विकास से जुड़े विषयों पर भी सकारात्मक आश्वासन दिया।विधायक तेजपाल नागर ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका आत्मीय स्नेह, अमूल्य मार्गदर्शन और आशीर्वाद जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणा एवं ऊर्जा का स्रोत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में दादरी विधानसभा में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा किसानों और आमजन को इसका सीधा लाभ प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सुशासन, विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रदेश सरकार की जनहितकारी नीतियों एवं योजनाओं के माध्यम से प्रत्येक वर्ग के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का कार्य निरंतर जारी है। दादरी विधानसभा भी इसी विकास यात्रा में नई उपलब्धियों के साथ आगे बढ़ेगी।
0 टिप्पणियाँ