बिजनौर। जिलाधिकारी जसजीत कौर द्वारा दिए गए निर्देशों में श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 के पंचायती राज विभाग बिजनौर द्वारा कांवड़ मार्गों पर व्यापक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं। विभाग द्वारा स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं जनसुविधाओं की सतत निगरानी की जा रही है। यह जानकारी जिला पंचायत राज अधिकारी प्रीतम सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि कांवड़ मार्गों की नियमित साफ-सफाई के लिए 810 सफाई कर्मियों तथा प्रमुख शिविरों पर 367 अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है। प्रत्येक सेक्टर में ग्राम सचिवों को नोडल अधिकारी बनाकर स्वच्छता कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कराई जा रही है। मार्गों से कूड़ा हटाने के लिए 166 ई-रिक्शा तथा प्रमुख स्थलों पर 195 बड़े कूड़ेदान लगाए गए हैं। साथ ही 166 ग्राम पंचायतों में 465 हैंडपंपों, 43 सामुदायिक शौचालयों एवं 54 अन्य शौचालयों को पूर्णतः क्रियाशील रखा गया है।
उन्होंने बताया कि यात्रा मार्गों पर सड़क किनारे जमा कूड़े-कचरे का जेसीबी एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली से निस्तारण, झाड़ियों की कटाई, सफाई अभियान, विद्युत प्रकाश व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण, सूचना एवं दिशा-निर्देशक बोडौँ की स्थापना तथा सार्वजनिक स्थलों पर डस्टबिन उपलब्ध कराने का कार्य युद्धस्तर पर कराया गया। प्रमुख कांवड़ शिविरों एवं ग्राम पंचायतों में अधिकारियों द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने बताया कि जनपद प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक शिवभक्त को स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है। सभी संबंधित विभाग समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं तथा व्यवस्थाओं की निरंतर समीक्षा की जा रही है।
0 टिप्पणियाँ