-->

दादरी बार एसोसिएशन का आंदोलन होगा और तेज, काली पट्टी एवं शटर बंद कर होगा विरोध प्रदर्शन

मनोज तोमर ब्यूरो चीफ राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाईन टाइम्स गौथमबुद्ध नगर।
दादरी, 24 जून। दादरी बार एसोसिएशन द्वारा अधिवक्ताओं के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर चल रहा आंदोलन लगातार गति पकड़ता जा रहा है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महिपाल भाटी ने बताया कि अधिवक्ताओं की मांगों के समर्थन में आगामी धरना-प्रदर्शन की व्यापक रूपरेखा तैयार कर ली गई है तथा भविष्य के आंदोलन की रणनीति भी पूर्ण कर ली गई है।
उन्होंने कहा कि जब तक संबंधित आदेश को वापस नहीं लिया जाता और अधिवक्ताओं की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इसी क्रम में 25 जून को तहसील परिसर में अधिवक्ता काली पट्टी बांधकर तथा शटर बंद रखकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।
बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि दादरी तहसील के अधिवक्ता अपने अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए एकजुट हैं तथा किसी भी प्रकार के बहकावे में आए बिना संघर्ष जारी रखेंगे। आंदोलन को विभिन्न सामाजिक संगठनों का भी समर्थन प्राप्त हो रहा है, जिससे अधिवक्ताओं का मनोबल और मजबूत हुआ है।
इस दौरान पूर्व अध्यक्ष जिला एवं सत्र न्यायालय सूरजपुर परमिंदर भाटी भी अधिवक्ताओं के बीच पहुंचकर अपना मार्गदर्शन एवं समर्थन प्रदान करेंगे। अध्यक्ष महिपाल भाटी ने विश्वास व्यक्त किया कि अधिवक्ताओं की एकजुटता और संघर्ष के बल पर उनकी मांगें अवश्य पूरी होंगी तथा यह आंदोलन एक महत्वपूर्ण परिणाम तक पहुंचेगा। उन्होंने सभी साथियों से अनुशासन बनाए रखते हुए आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ