-->

जनसुरक्षा पर जीडीए का बड़ा एक्शन: 67 प्ले-स्कूल, कोचिंग सेंटर और व्यावसायिक प्रतिष्ठान सील

ताहिर अली संवाददाता राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाईन टाइम्स गाजियाबाद।

गाजियाबाद, 24 जून। विद्यार्थियों और आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अनधिकृत रूप से संचालित संस्थानों एवं भवन उपविधियों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत विभिन्न जोनों में संचालित प्ले-स्कूल, कोचिंग सेंटर, प्रशिक्षण संस्थान, लाइब्रेरी, फिटनेस सेंटर तथा अन्य व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े कुल 67 परिसरों को सील कर दिया गया।

हाल के दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में हुई अग्निकांड की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जीडीए ने व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। जांच के दौरान कई संस्थान ऐसे पाए गए जो स्वीकृत मानचित्र के विपरीत संचालित हो रहे थे या जहां फायर सुरक्षा मानकों तथा भवन उपविधियों का पालन नहीं किया जा रहा था। जनहित और विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए प्राधिकरण ने तत्काल कठोर कार्रवाई करते हुए संबंधित परिसरों को सील कर दिया।

जोनवार कार्रवाई में जोन-1 और जोन-2 में 10-10, जोन-3 में 6, जोन-4 में 15, जोन-5 में 5, जोन-6 में 11 तथा जोन-7 में 10 परिसरों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई।

जीडीए के उपाध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि विद्यार्थियों और नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना वैधानिक स्वीकृति, फायर एनओसी तथा निर्धारित नियमों के विपरीत संचालित संस्थानों के विरुद्ध भविष्य में भी सघन अभियान जारी रहेगा। प्राधिकरण ने नागरिकों से भी किसी संस्थान में प्रवेश लेने से पहले उसकी वैधानिक स्वीकृतियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच करने की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ