ग्रेटर नोएडा, 23 मार्च 2026:सेक्टर-36 में प्रस्तावित शराब की दुकान के विरोध में आज क्षेत्र के निवासियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। आरडब्ल्यूए सेक्टर-36 के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और स्थानीय नागरिक जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और आबकारी नीति के विरोध में प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शहर के अधिकांश सेक्टरों के अंदर शराब की दुकानें नहीं हैं, ऐसे में आवासीय क्षेत्र सेक्टर-36 में शराब की दुकान खोले जाने का निर्णय स्थानीय लोगों की सुरक्षा और सामाजिक वातावरण के लिए ठीक नहीं है। विशेष रूप से महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर सेक्टरवासियों ने गंभीर चिंता जताई है।
आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और महिलाओं ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि सेक्टर के अंदर शराब की दुकान खोली गई तो इससे क्षेत्र का माहौल खराब हो सकता है और असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आवासीय सेक्टरों के अंदर शराब की दुकानें खोलने की अनुमति न दी जाए।
सेक्टरवासियों ने एकजुट होकर निर्णय लिया कि वे किसी भी कीमत पर सेक्टर-36 में शराब की दुकान नहीं खुलने देंगे और जरूरत पड़ने पर आगे भी आंदोलन जारी रखा जाएगा।
इस अवसर पर फेडरेशन के पूर्व महासचिव दीपक भाटी, फेडरेशन के उपाध्यक्ष आलोक नागर, आरडब्ल्यूए सेक्टर-36 के अध्यक्ष डॉ. अजय सहित सेक्टर के अनेक महिलाएं और पुरुष उपस्थित रहे। सभी ने प्रशासन से मांग की कि स्थानीय निवासियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए सेक्टर-36 में शराब की दुकान खोलने के निर्णय को तुरंत निरस्त किया जाए।
0 टिप्पणियाँ