-->

श्री बालाजी एन्क्लेव में शैफाली पब्लिक स्कूल का ‘टैलेंट & फन फिएस्टा 2026’ धूमधाम से आयोजित

मनोज तोमर ब्यूरो चीफ राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाइन टाईम्स गौतमबुद्ध नगर।
दादरी। श्री बालाजी एन्क्लेव में शैफाली पब्लिक स्कूल द्वारा “टैलेंट & फन फिएस्टा 2026” का भव्य आयोजन किया गया। इस रंगारंग कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उनमें आत्मविश्वास व रचनात्मकता को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में क्षेत्र के कई बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने नृत्य, गायन, ड्राइंग, कविता पाठ और कई मनोरंजक गतिविधियों में भाग लेकर सभी का दिल जीत लिया। मंच पर बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास देखकर अभिभावक भी काफी उत्साहित नजर आए और उन्होंने तालियों के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान बालाजी एन्क्लेव का माहौल उत्साह और खुशी से भर गया।
इस अवसर पर विद्यालय के मैनेजर श्री मनीष गर्ग ने कहा कि विद्यालय का मुख्य उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ उनकी छिपी प्रतिभाओं को निखारने का अवसर देना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनके आत्मविश्वास को मजबूत बनाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में श्री मनीष गर्ग ने बालाजी एन्क्लेव के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ओमबीर आर्य ऐडवोकेट तथा कोषाध्यक्ष रमेश बंसल का कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए आभार व्यक्त किया। विद्यालय की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अभिभावकों और क्षेत्रवासियों का कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया। इस मौके पर निधि मनीष गर्ग, राखी शर्मा, रविन्द्र भाटी, भूमिका गर्ग, ओमपाल, वंदना, आशीष, विवेक, आकाश, दवेंद्र राघव, विमल शर्मा, विकास त्यागी, मन्नुवर खान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ