-->

दहेज प्रथा के खिलाफ अनोखी मिसाल: 101 रुपये में सादगी से हुआ विवाह, क्षेत्र में सराहना

मनोज तोमर ब्यूरो चीफ राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाइन टाईम्स गौतमबुद्ध नगर।
ग्रेटर नोएडा/दादरी। समाज में फैली दहेज प्रथा के खिलाफ ग्रेटर नोएडा-दादरी क्षेत्र में एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। लुहारली गांव के किसान नेता मनवीर भाटी के पुत्र जीतू का विवाह कोट गांव की वैशाली के साथ बेहद सादगीपूर्ण तरीके से मात्र 101 रुपये में संपन्न हुआ। इस विवाह में न तो दहेज लिया गया और न ही किसी प्रकार की गाड़ी या महंगे उपहार की मांग की गई, जिससे पूरे क्षेत्र में इस पहल की सराहना हो रही है।
सामाजिक कार्यकर्ता जयकुमार भाटी ने बताया कि यह विवाह समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश लेकर आया है। जीतू की बारात जब कोट गांव पहुंची तो दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से सादगी और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए केवल 101 रुपये में शादी करने का निर्णय लिया। वैशाली, कोट गांव के डॉ. अजीत बरहेला की भतीजी हैं।
विवाह समारोह बेहद सादगी और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। बिना किसी दिखावे और खर्चीली रस्मों के संपन्न इस विवाह ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और ग्रामीणों में चर्चा का विषय बन गया। स्थानीय लोगों ने इसे समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
ग्रामीणों का कहना है कि दहेज प्रथा आज भी कई परिवारों के लिए बड़ी सामाजिक समस्या बनी हुई है, जिसके कारण बेटियों के विवाह में अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ता है। ऐसे में जीतू और वैशाली का यह विवाह समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन सकता है।
क्षेत्र के लोगों ने दोनों परिवारों की सराहना करते हुए कहा कि यदि समाज के अधिक लोग इस तरह की पहल करें तो दहेज जैसी कुप्रथा को समाप्त करने में बड़ी मदद मिल सकती है। यह सादगीपूर्ण विवाह समाज में समानता, आपसी सम्मान और सामाजिक जागरूकता का संदेश दे रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ