दादरी। शैफाली पब्लिक स्कूल के लिए यह अत्यंत गर्व और प्रसन्नता का विषय है कि विद्यालय के होनहार छात्र अभी चौधरी एवं आदित्य शर्मा का चयन प्रतिष्ठित UPKL (उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग) में हुआ है। इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय बल्कि समूचे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभी चौधरी UPKL लीग में JD निंजा टीम की ओर से जबकि आदित्य शर्मा ब्रिज स्टार टीम की ओर से खेलते हुए अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं। दोनों खिलाड़ियों ने कठिन अभ्यास, अनुशासन, आत्मविश्वास और लगन के बल पर इस उच्च स्तरीय एवं प्रतिस्पर्धात्मक लीग में अपना स्थान सुनिश्चित किया है।
विशेष रूप से उल्लेखनीय तथ्य यह है कि UPKL लीग में चयनित खिलाड़ियों में शैफाली पब्लिक स्कूल के ये दोनों छात्र सबसे कम आयु वर्ग के खिलाड़ियों में शामिल हैं। यह उपलब्धि विद्यालय की सुदृढ़ खेल प्रशिक्षण व्यवस्था, योग्य प्रशिक्षकों और प्रतिभा को निखारने की निरंतर प्रक्रिया का स्पष्ट प्रमाण है।
विद्यालय के क्रीड़ा शिक्षक विवेक कुमार ने इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इतने बड़े मंच पर अपने छात्रों को खेलते हुए देखना उनके लिए अत्यंत भावनात्मक और गर्व का क्षण है। उन्होंने बताया कि यह सफलता खिलाड़ियों की नियमित मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है।
विद्यालय की आदरणीय प्रधानाचार्या शिल्पा सिंह ने दोनों छात्रों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय के शिक्षकों, प्रबंधन और स्टाफ के सामूहिक प्रयास तथा विद्यार्थियों पर किए गए विश्वास का प्रतिफल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये छात्र भविष्य में और भी ऊँचाइयाँ प्राप्त करेंगे।
विद्यालय परिवार ने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में शैफाली पब्लिक स्कूल के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय एवं देश का नाम रोशन करेंगे।
0 टिप्पणियाँ