-->

ग्राम बम्बावड में सड़क विकास कार्यों को मिली रफ्तार, विधायक तेजपाल सिंह नागर ने किया विशेष मरम्मत कार्यों का शिलान्यास

कर्मवीर आर्य संवाददाता राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाइन टाईम्स गौतमबुद्ध नगर।
दादरी, 30 जनवरी 2026: दादरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बम्बावड में विकास कार्यों को नई गति देते हुए क्षेत्रीय विधायक तेजपाल सिंह नागर ने सड़कों के विशेष मरम्मत कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर ग्रामीणों में उत्साह और संतोष का माहौल देखने को मिला। इन विकास कार्यों से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा आम जनता को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
शिलान्यास किए गए कार्यों में बम्बावड सीसी मार्ग से शमशान घाट मार्ग तक 0.15 किलोमीटर लंबाई का विशेष मरम्मत कार्य शामिल है, जिसकी स्वीकृत लागत ₹10.73 लाख है। इसके साथ ही एनटीपीसी अकिलपुर से बम्बावड लिंक मार्ग पर 1.00 किलोमीटर लंबाई का विशेष मरम्मत कार्य किया जाएगा, जिस पर ₹18.61 लाख की लागत स्वीकृत की गई है। इन सड़कों के सुधार से गांव का संपर्क मार्ग मजबूत होगा और ग्रामीणों को दैनिक आवागमन में सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक तेजपाल सिंह नागर ने कहा कि दादरी विधानसभा के प्रत्येक गांव का समग्र और संतुलित विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें केवल आवागमन को आसान नहीं बनातीं, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और शैक्षिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। आने वाले समय में क्षेत्र में और भी विकास कार्य कराए जाएंगे।
शिलान्यास कार्यक्रम में विक्रम ठेकेदार, राकेश ठेकेदार, प्रदीप प्रधान, नेतराम, राजवीर बीडीसी, बृजेश हवलदार, चंद्रपाल प्रधान, योगेंद्र प्रधान, राजवीर वकील, यशपाल दरोगा, कर्मवीर, मनोज आर्य, योगेश नागर, धर्मी नागर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। ग्रामवासियों ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए इसे वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान की दिशा में अहम कदम बताया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ