-->

दादरी में ₹1089.93 लाख की सड़क परियोजना का भव्य शिलान्यास, दुजाना में सांसद और विधायक का नागर क्लब द्वारा हुआ भव्य स्वागत

मनोज तोमर ब्यूरो चीफ राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाइन टाईम्स गौतमबुद्ध नगर।
दादरी। दादरी विधानसभा में विकास की गति को और तेज करते हुए आज क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण सड़क परियोजना का भव्य शिलान्यास संपन्न हुआ। ग्राम बादलपुर नहर की पटरी से ईस्टर्न पेरिफेरल मार्ग (अन्य जिला मार्ग) तक 6.30 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का शुभारंभ गौतमबुद्ध नगर के लोकप्रिय सांसद माननीय डॉ. महेश शर्मा एवं दादरी के यशस्वी विधायक तेजपाल सिंह नागर द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस परियोजना पर कुल ₹1089.93 लाख की लागत निर्धारित की गई है।
इस सड़क निर्माण से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सुगम होगी, ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन में तेजी आएगी और स्थानीय किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों व आम नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। यह परियोजना क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करने वाली मानी जा रही है।
शिलान्यास कार्यक्रम मे माननीय डॉ महेश शर्मा सांसद पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं दादरी विधायक माननीय तेजपाल नागर का दुजाना गांव में नागर क्लब द्वारा भव्य स्वागत किया गया। मंच संचालन डॉ. अजीत नागर एवं सतेन्द्र नागर ने संभाला जबकि कार्यक्रम का सफल आयोजन नागर क्लब के वरिष्ठ सदस्य हरेन्द्र नागर द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि ईकला-न्यातपुर से सादोपुर की झाल तक नहर पर चौड़ीकरण कार्य तथा दुजाना नहर वाई कोटी की ₹1 करोड़ रुपए की बाउंड्री वाल का कार्य भी स्वीकृत है, जो क्षेत्र को नई दिशा देने वाला साबित होगा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। विशेष अतिथियों में जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, एमएलसी श्रीचन्द शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी,जितेंद्र नागर बाबा, देवा भाटी, अनिल नागर पार्षद फरीदाबाद, संतेन्द्र नागर,सुनील नागर बाबा, अशोक (BDC), अम्बरीष प्रमुख, सुनील सिंह, गुरुदेव भाटी, धर्मेंद्र, मनोज नागर, मनोज मास्टर, सतपाल, हरेंद्र नागर, प्रदीप प्रधान समेत ब्रह्म सिंह नागर पूर्व प्रधान दुजाना, ब्रहम सिंह नागर कल्दा, मोनू प्रधान, रोहित नागर, श्री नागर,  नागर, चंकी नागर, पवन नागर सहित नागर क्लब के सैकड़ों सदस्य मौजूद रहे।
सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के संयुक्त प्रयासों से गौतमबुद्ध नगर में बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिल रही है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें आर्थिक विकास की आधारशिला होती हैं, जिससे उद्योग, व्यापार एवं रोजगार को बढ़ावा मिलता है।
वहीं दादरी विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि दादरी विधानसभा में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। यह परियोजना “विकसित दादरी – सशक्त दादरी” के संकल्प को आगे बढ़ाने वाली है।
कार्यक्रम का समापन क्षेत्र के सर्वांगीण विकास एवं जनकल्याण के संकल्प के साथ हुआ, जिसमें ग्रामीणों ने सरकार के इस कदम का स्वागत किया और विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ