-->

भाजपा संगठन को गति देने पर जोर: सत्येंद्र नागर ने नवनियुक्त कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से की भेंट

रामानंद तिवारी संवाददाता राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाइन टाईम्स नई दिल्ली।

नई दिल्ली। गौतमबुद्ध नगर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश मंत्री भाजयुमो सत्येंद्र नागर ने भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर नागर ने श्री नबीन को संगठन की नई जिम्मेदारी मिलने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

भेंट के दौरान राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर कार्य करें और संगठन के अभियानों एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना कार्यकर्ताओं की प्राथमिक जिम्मेदारी है, ताकि समाज के हर वर्ग को योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके।

श्री नबीन ने यह भी कहा कि भाजपा का संगठनात्मक ढांचा कार्यकर्ताओं की मेहनत और अनुशासन पर आधारित है, और आने वाले समय में सभी मोर्चों व प्रकोष्ठों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद बढ़ाने और जनता के मुद्दों को संवेदनशीलता के साथ उठाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सत्येंद्र नागर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अपने इतिहास में सबसे युवा कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर युवाओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया है। इससे संगठन को नई दिशा और गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री नितिन नबीन के नेतृत्व में पार्टी का संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा आगामी कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिलेगी।

भेंट सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई और संगठनात्मक विषयों पर सकारात्मक चर्चा की गई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ