-->

डीजी कारागार पीसी मीना ने किया जिला कारागार गौतमबुद्धनगर का आकस्मिक निरीक्षण

कर्मवीर आर्य संवाददाता राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाइन टाईम्स गौतमबुद्ध नगर।


बंदियों की सुविधाएं जानीं, कौशल विकास और उत्पादन कार्यों की सराहना।

गौतमबुद्धनगर, 29 जून 2025 —
उत्तर प्रदेश कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं के पुलिस महानिदेशक/महानिरीक्षक श्री पी.सी. मीना (आई.पी.एस.) ने आज जिला कारागार गौतमबुद्धनगर का आकस्मिक निरीक्षण किया। मुख्य द्वार पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उनका स्वागत पुलिस उपमहानिरीक्षक कारागार मेरठ परिक्षेत्र श्री सुभाष चंद्र शाक्य (आई.पी.एस.) और जेल अधीक्षक श्री बृजेश कुमार ने किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला बैरक का दौरा किया और बंदियों पिंकी, प्रीती गुप्ता, हेमा तोमर व विदेशी बंदी अकीमोवा से संवाद किया। किसी ने कोई शिकायत नहीं की। महिला बंदियों के बच्चों को बिस्किट, चिप्स व अन्य खाद्य सामग्री वितरित की गई।

इसके पश्चात डीजी ने कौशल विकास केंद्र में सिलाई, हेयर कटिंग, कंप्यूटर प्रशिक्षण और संगीत कार्यक्रमों का अवलोकन किया। बंदियों द्वारा "दिल है हिन्दुस्तानी" थीम पर सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई, जिसकी सराहना की गई।

वर्मी कम्पोस्ट खाद और मधुमक्खी पालन से शहद उत्पादन का निरीक्षण करते हुए इन्हें ब्रांडिंग के साथ बाजार में लाने की दिशा में कार्य करने की बात कही गई। इस अवसर पर उन्होंने सफेद चंदन का पौधरोपण किया जबकि डीआईजी कारागार ने बहेड़ा का पौधा लगाया।

भोजन की गुणवत्ता की जांच स्वयं भोजन कर की गई, जो संतोषजनक पाई गई। विदेशी बंदियों, अस्पताल वार्ड और नियंत्रण कक्ष का भी निरीक्षण किया गया। कारागार की समग्र व्यवस्था को संतोषजनक बताया गया। इस दौरान वरिष्ठ जेल अधिकारीगण उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ