Rashtriy Dainik future line time Vishesh samvaddata Mathura,
ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने जनपद मथुरा के राया क्षेत्र में प्रस्तावित हेरिटेज सिटी और राया नगरीय केंद्र के विकास हेतु एक महत्त्वपूर्ण कदम उठाते हुए क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन किया। इस परियोजना के तहत हेरिटेज सिटी की परिकल्पना लगभग 751 एकड़ भूमि पर की गई है।
प्राधिकरण द्वारा परियोजना की परिकल्पना के लिए परामर्शदाता संस्था सीबीआरई साउथ एशिया प्राइवेट लिमिटेड की सेवाएं ली गई हैं। संस्था द्वारा उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सुझावों के अनुरूप एक थीम बेस्ड हेरिटेज सिटी के विकास का खाका तैयार किया गया है। इसमें हेरिटेज कन्वेंशन सेंटर, योगा वेलनेस सेंटर, होटल, हस्तकला हाट और पर्यटक रिटेल सेंटर जैसे बिंदुओं को शामिल किया गया है।
इसके साथ ही हेरिटेज सिटी में यमुना एक्सप्रेसवे से सीधी कनेक्टिविटी के लिए कॉरिडोर का प्रस्ताव, 12 हेक्टेयर का ग्रीन पार्क तथा अन्य अवस्थापना सुविधाओं का भी ध्यान रखा गया है। परियोजना को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल पर विकसित किया जाएगा और इसके लिए बोली दस्तावेज तैयार करने का निर्देश भी दिया गया है।
प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुण वीर सिंह द्वारा परियोजना के शीघ्र क्रियान्वयन के निर्देश देते हुए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को शीघ्र प्रारंभ करने की बात कही गई है। हेरिटेज सिटी का उद्देश्य ब्रज क्षेत्र की सांस्कृतिक, धार्मिक और पर्यटन विरासत को वैश्विक पहचान दिलाना है।
यह परियोजना मथुरा-वृंदावन क्षेत्र को विकास की नई दिशा प्रदान करेगी।
0 टिप्पणियाँ