-->

मिशन शक्ति अभियान: महिला सुरक्षा के लिए थानों का औचक निरीक्षण

मनोज कुमार तोमर ब्यूरो चीफ दैनिक फ्यूचर लाइन टाईम्स गौतमबुद्ध नगर।
गौतमबुद्ध नगर, 14 दिसंबर 2024:
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान की उपयोगिता का आकलन करने के लिए ज्येष्ठ मूल्यांकन अधिकारी डॉ. संतराम ने आज जनपद के विभिन्न थानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस आयुक्त कार्यालय सूरजपुर, थाना बीटा-2, थाना कासना, थाना इकोटेक प्रथम, थाना सूरजपुर, और थाना फेस-3 का दौरा किया। उन्होंने थानों में महिला हेल्प डेस्क, जनसुनवाई पंजिका, और महिला उत्पीड़न शिकायत पंजिका सहित अन्य अभिलेखों का अवलोकन कर महिलाओं से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता का मूल्यांकन किया।
डॉ. संतराम ने संबंधित थानाध्यक्षों को निर्देश दिए कि महिलाओं और बालिकाओं की शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि महिला उत्पीड़न की फर्जी शिकायतें दर्ज कराने वाली महिलाओं को भी चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
डॉ. संतराम ने महिला हेल्प डेस्क प्रभारी और अन्य महिला पुलिस कर्मियों से अभियान में आने वाली बाधाओं पर चर्चा की और उन्हें दूर करने के लिए सुझाव मांगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि मिशन शक्ति अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शासन के समक्ष आवश्यक बिंदु प्रस्तुत किए जाएंगे।
निरीक्षण के उपरांत डॉ. संतराम ने जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा से मुलाकात कर मिशन शक्ति अभियान की प्रगति और उपयोगिता पर चर्चा की, निरीक्षण के दौरान एडिशनल सीपी अजय कुमार, संबंधित थानों के प्रभारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मिशन शक्ति अभियान को जनपद में और अधिक प्रभावी बनाने के लिए यह कदम महत्वपूर्ण साबित होगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ