श्रीकांत की गिरफ्तारी पीपी सिंह, अनिल राजपूत और सुजीत उपाध्याय ने गिरफ्तारी की


मनोज तोमर ब्यूरो चीफ दैनिक फ्यूचर लाइन टाईम्स गौतम बुद्ध नगर
इन 3 पुलिस वालों ने कर दिए दिन-रात एक, सस्पेंड होने के बावजूद सुजीत की बड़ी भूमिका

गौतम बुद्ध नगर आखिरकार 5 दिन लंबी जद्दोजहद के बाद गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने गालीबाज श्रीकांत त्यागी को मेरठ से गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी में 3 पुलिस वालों की बड़ी भूमिका रही है। इन तीनों ने दिन-रात एक करके श्रीकांत को काबू किया है। बड़ी बात यह है कि थाना फेज-2 के पूर्व एसएचओ सुजीत उपाध्याय ने सस्पेंड होने के बावजूद बड़ी भूमिका निभाई है। अब पुलिस मेरठ से गौतमबुद्ध नगर पहुंचने वाली है। उम्मीद है कि आज देर शाम तक ही गौतमबुद्ध नगर पुलिस श्रीकांत को अदालत के सामने पेश करेगी।


पीपी सिंह, अनिल राजपूत और सुजीत उपाध्याय ने गिरफ्तारी की
वैसे तो गौतमबुद्ध नगर पुलिस के 100 से ज्यादा अफसर और कर्मी श्रीकांत को पकड़ने के लिए दिन-रात काम कर रहे थे। स्पेशल ऑपरेशनल ग्रुप, क्राइम ब्रांच, सर्विलांस टीम, हेडक्वॉर्टर और कई दूसरे जानकार पुलिस अफसरों को श्रीकांत के पीछे लगाया गया था। इन सबके बीच तीन चेहरे खास हैं। ग्रेटर नोएडा के एसीपी पीपी सिंह, बीटा-2 थाने के एसएचओ अनिल राजपूत और फेज-2 थाने के एसएचओ सुजीत उपाध्याय ने इस गिरफ्तारी में अहम रोल अदा किया है। बड़ी बात यह है कि रविवार की रात ओमेक्स ग्रैंड हाउसिंग सोसाइटी में हंगामा होने के बाद सुजीत उपाध्याय को सस्पेंड कर दिया गया है। इसके बावजूद सुजीत उपाध्याय अपनी टीम लेकर श्रीकांत की घेराबंदी में जुटे रहे।

सुजीत और पीपी सिंह का पुराना अनुभव और अनिल का जोश काम आया
सुजीत उपाध्याय नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई थानों में एसएचओ रह चुके हैं। वह कई सालों से गौतमबुद्ध नगर में तैनात हैं। अगर यह एसीपी पीपी सिंह की बात करें तो उन्होंने भी गौतमबुद्ध नगर में लंबा अनुभव हासिल किया है। पीपी सिंह पहले गौतमबुद्ध नगर के कई थानों में बतौर एसएचओ काम कर चुके हैं। फिलहाल पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम लागू होने के बाद से ग्रेटर नोएडा में एसीपी हैं। इन दोनों अफसरों का पुराना अनुभव काम आया है। दूसरी ओर थाना बीटा-2 के एसएचओ अनिल राजपूत जोशीले और क्राईम इन्वेस्टिगेशन में घुसने वाले पुलिस अफसर माने जाते हैं। पुलिस कमिश्नरेट के अफसर अनिल राजपूत को भरोसेमंद अफसर मानते हैं। यह तीनों पुलिस अधिकारी इस भरोसे पर खरे साबित हुए हैं।

पीतम पाल सिंह 2017 बैच के अफसर
पीतम पाल सिंह प्रादेशिक पुलिस सेवा में 2017 बैच के अफसर हैं। मूल रूप से इटावा के रहने वाले हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस में बतौर सब इंस्पेक्टर भर्ती हुए थे। 2034 में रिटायर होंगे। अनिल राजपूत 2012 बैच के सब इंस्पेक्टर उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती हुए थे। इसी साल उन्हें बतौर इंस्पेक्टर प्रोन्नत किया गया है। सुजीत उपाध्याय 2013 बैच के सब इंस्पेक्टर हैं। सुजीत उपाध्याय वाराणसी के रहने वाले हैं और अनिल राजपूत औरैया के निवासी हैं।

मेरठ से पकड़ा गया श्रीकांत त्यागी
नोएडा पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी के तथाकथित नेता श्रीकांत त्यागी को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने उसे मेरठ से गिरफ्तार किया है। जल्दी ही प्रेस कॉन्फ्रेंस करके पुलिस पूरी जानकारी देगी। श्रीकांत त्यागी से 2 आईपीएस अफसर पूछताछ कर रहे हैं। इसके बाद उसे गौतमबुद्ध नगर जिला न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पांच दिनों से तलाश कर रही थी नोएडा पुलिस
आपको बता दें कि गौतमबुद्ध नगर पुलिस श्रीकांत त्यागी को पिछले 5 दिनों से तलाश कर रही थी। शुक्रवार की दोपहर श्रीकांत त्यागी ने नोएडा की ओमेक्स ग्रैंड हाउसिंग सोसायटी में एक महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया था। महिला के साथ मारपीट की थी। मामले में एफआईआर दर्ज की गई। श्रीकांत त्यागी फरार हो गया। तब से लगातार उसके पीछे नोएडा पुलिस गिरफ्तारी के लिए घूम रही थी। अब मिली जानकारी के मुताबिक श्रीकांत त्यागी को मेरठ में अब से थोड़ी देर पहले गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे नोएडा लाया जा रहा है। नोएडा में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस पूरी जानकारी देगी।

मेरठ और सहारनपुर बॉर्डर पर थी चौकसी
सोमवार को श्रीकांत त्यागी की अंतिम लोकेशन उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में मिली थी। जिसके बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट जारी हो गया था। नोएडा पुलिस की भी 4 टीम पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर और मेरठ के लिए रवाना हुई थी। पूरे पश्चिम उत्तर प्रदेश में नाकाबंदी करने के बाद यूपी पुलिस ने यह कामयाबी हासिल की है। मेरठ और सहारनपुर बॉर्डर पर बीती रात से ही चौकसी थी।

भगोड़ा घोषित करने के बाद नोएडा पुलिस ने रखा था ₹25 हजार का इनाम
नोएडा पुलिस ने श्रीकांत त्यागी को भगोड़ा घोषित कर दिया था। जिसके बाद उसके ऊपर नोएडा पुलिस ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। अब मंगलवार की दोपहर को उत्तर प्रदेश पुलिस ने श्रीकांत त्यागी को मेरठ से गिरफ्तार किया है। नोएडा पुलिस अब उसको गौतमबुद्ध नगर जिला न्यायालय में पेश करेगी। श्रीकांत त्यागी के 6 साथी पहले ही जेल जा चुके हैं। पुलिस के अलावा नोएडा जिला प्रशासन और तहसील टीम भी अपना कार्य कर रही है। सोमवार की सुबह श्रीकांत त्यागी के अवैध अतिक्रमण को नोएडा प्राधिकरण की टीम ने ध्वस्त कर दिया था।

Post a Comment

0 Comments