गौतमबुद्धनगर। जनपद गौतमबुद्धनगर के दुजाना गांव निवासी एवं राकेश नागर के सुपुत्र जयकुमार ने 65वीं राष्ट्रीय अंतरराज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 की पुरुष 400 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए 45.73 सेकंड का समय निकालकर कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) अपने नाम किया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के साथ उन्होंने वर्ष 2026 में जापान के नागोया में आयोजित होने वाले 20वें एशियाई खेलों (एशियाड) के लिए भी सफलतापूर्वक क्वालीफाई कर लिया है।
जयकुमार की इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे गौतमबुद्धनगर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा प्रदेशभर में खुशी की लहर दौड़ गई है। खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों एवं क्षेत्रवासियों ने इसे जिले और प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताते हुए जयकुमार के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की जा सकती है।
जयकुमार की उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। अब उनसे एशियाई खेलों में भी देश के लिए पदक जीतने की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
राष्ट्रीय दैनिक हिंदी समाचार पत्र "फ्यूचर लाइन टाइम्स" के संपादक ने जयकुमार को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह सफलता न केवल दुजाना गांव, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाने वाली है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जयकुमार आगामी एशियाई खेलों में भी भारत का तिरंगा गौरवान्वित करेंगे और नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगे।
0 टिप्पणियाँ