मनोज तोमर ब्यूरो चीफ राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाईन टाइम्स गौतम बुद्ध नगर।
1.10 लाख से अधिक आवेदकों की किस्मत का हुआ फैसला
ग्रेटर नोएडा, 18 जून। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की बहुप्रतीक्षित आवासीय भूखंड योजना RPS010/2026 की लॉटरी गुरुवार को इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ सम्पन्न हुई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में आवेदकों एवं अधिकारियों की मौजूदगी में ड्रॉ प्रक्रिया का आयोजन किया गया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी भी कराई गई, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
प्राधिकरण द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार योजना के तहत कुल 973 आवासीय भूखंडों के लिए 1,10,034 आवेदकों ने आवेदन किया था। विभिन्न आकार के भूखंडों के लिए भारी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। सबसे अधिक आवेदन 200 वर्ग मीटर श्रेणी में प्राप्त हुए, जहां 481 भूखंडों के लिए 57,620 आवेदन आए। वहीं 162 वर्ग मीटर श्रेणी के 476 भूखंडों के लिए 48,920 आवेदकों ने अपनी किस्मत आजमाई।
इसके अलावा 183 वर्ग मीटर के 4 भूखंडों के लिए 566 आवेदन, 184 वर्ग मीटर के 4 भूखंडों के लिए 539 आवेदन, 223 वर्ग मीटर के 6 भूखंडों के लिए 1,528 आवेदन तथा 290 वर्ग मीटर के 2 भूखंडों के लिए 861 आवेदन प्राप्त हुए।
लॉटरी प्रक्रिया के सफल आयोजन के बाद चयनित आवेदकों में खुशी का माहौल है, जबकि अन्य आवेदक भविष्य की योजनाओं का इंतजार कर रहे हैं। प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि ड्रॉ के परिणामों को शीघ्र ही आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि आवेदक अपने आवेदन की स्थिति आसानी से देख सकें।
यह योजना यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में आवासीय निवेश और विकास को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
0 टिप्पणियाँ