नई दिल्ली, 23 जून। हिंदू महासभा भवन, मंदिर मार्ग स्थित मुख्यालय में श्री चित्रगुप्त अखाड़ा की एक महत्वपूर्ण बैठक परम पूज्य जगद्गुरु एवं सनातन सम्राट स्वामी चक्रपाणि जी महाराज की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सनातन धर्म, राष्ट्र निर्माण, गौ रक्षा, संत सुरक्षा, मठ-मंदिर संरक्षण तथा सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि उत्तर प्रदेश के 11 जनपदों में “हिंदू स्वाभिमान सम्मेलन” आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों के माध्यम से हिंदू समाज में जागरूकता, संगठन और स्वाभिमान को मजबूत करने का अभियान चलाया जाएगा। सम्मेलन में देशभर के संत-महात्मा, सामाजिक कार्यकर्ता, प्रबुद्धजन तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
स्वामी चक्रपाणि जी महाराज ने कहा कि वर्तमान समय में राष्ट्र, धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए समाज को संगठित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं को राष्ट्रहित एवं सनातन मूल्यों के संरक्षण हेतु संकल्प दिलाया।
बैठक में उत्तर प्रदेश के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया, जिसमें कुमार नारायण को प्रदेश प्रभारी, स्वप्निल श्रीवास्तव को राष्ट्रीय सचेतक तथा राजेश श्रीवास्तव “बच्चा भैया” को प्रदेश अध्यक्ष के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
प्रथम चरण में 2 अक्टूबर को प्रयागराज, 3 अक्टूबर को मिर्जापुर और 4 अक्टूबर को जौनपुर में सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक सम्मेलन से पूर्व स्वामी चक्रपाणि जी महाराज के सान्निध्य में सहभोज एवं आशीर्वाद कार्यक्रम भी आयोजित होगा।
बैठक के अंत में उपस्थित संतों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने “सनातन धर्म की जय”, “भारत माता की जय” और “हिंदू एकता की जय” के उद्घोष के साथ राष्ट्र, धर्म और समाज की सेवा के लिए संगठित होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
0 टिप्पणियाँ