-->

याकूबपुर श्मशान घाट बना असामाजिक तत्वों का अड्डा, नोएडा प्राधिकरण की लापरवाही पर ग्रामीणों में रोष

कुलदीप चौहान संवाददाता राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाईन टाइम्स नोएडा।
नोएडा। ग्राम याकूबपुर स्थित श्मशान घाट की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। भारतीय किसान यूनियन (लोक शक्ति) के प्रदेश संगठन मंत्री आनंद सरपंच ने नोएडा प्राधिकरण की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि श्मशान घाट में आज तक मुख्य गेट और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं कराई गई, जिसके चलते यह स्थान रात के समय तांत्रिकों और असामाजिक तत्वों का अड्डा बन चुका है।
उन्होंने बताया कि रात के अंधेरे में संदिग्ध गतिविधियां होने से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। गांव में लगातार हो रही अकाल मौतों के बीच श्मशान घाट में तंत्र-मंत्र जैसी गतिविधियों की चर्चाओं ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नोएडा प्राधिकरण केवल कागजी आश्वासन देता रहा, लेकिन धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
भाकियू नेता आनंद सरपंच ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही श्मशान घाट पर मजबूत मेन गेट, हाईमास्ट लाइट और सुरक्षा व्यवस्था नहीं कराई गई तो ग्रामीणों के साथ बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये के विकास के दावे करने वाला नोएडा प्राधिकरण गांवों की मूलभूत सुविधाएं तक देने में विफल साबित हो रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ