-->

कैमराला की बेटी मुस्कान भाटी का आयकर विभाग में चयन, गांव और क्षेत्र में खुशी की लहर

मनोज तोमर ब्यूरो चीफ राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाइन टाईम्स गौतमबुद्ध नगर।
गौतमबुद्ध नगर। जिले के कैमराला गांव की बेटी मुस्कान भाटी ने अपनी मेहनत और लगन से एक बार फिर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मुस्कान भाटी का चयन SSC CGL 2025 परीक्षा के माध्यम से आयकर विभाग (Income Tax Department) में हुआ है। इस उपलब्धि के बाद गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोगों द्वारा उन्हें बधाई दी जा रही है।
मुस्कान भाटी वरिष्ठ अधिवक्ता मांगेराम भाटी की बेटी हैं। वर्तमान में वह दिल्ली विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर (एडहॉक) के रूप में कार्यरत रहते हुए शिक्षा के क्षेत्र में भी अपनी सेवाएं दे रही थीं। इसके साथ ही उन्होंने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी जारी रखी और अपनी मेहनत के दम पर यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।
शैक्षणिक उपलब्धियों की बात करें तो मुस्कान भाटी ने दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित मिरांडा हाउस कॉलेज से इकोनॉमिक्स ऑनर्स में स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से मास्टर डिग्री प्राप्त की। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ-साथ उन्होंने प्रशासनिक सेवा में भी अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।
मुस्कान भाटी का परिवार भी शिक्षा और सेवाओं के क्षेत्र में सक्रिय है। उनके छोटे भाई प्रॉमिस भाटी वर्तमान में वित्त मंत्रालय में असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं।
मुस्कान की इस उपलब्धि से उनके परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में गर्व का माहौल है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उम्मीद जताई है कि मुस्कान भाटी आने वाले समय में भी अपने कार्यों से समाज और देश का नाम रोशन करती रहेंगी तथा युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ