गाजियाबाद। गाजियाबाद नगर निगम द्वारा बढ़ाए गए हाउस टैक्स के विरोध में सुभाषवादी भारतीय समाजवादी पार्टी (सुभास पार्टी) ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। पार्टी ने इस वृद्धि को अवैध और जनविरोधी बताते हुए कहा कि इससे आम नागरिकों और व्यापारियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ेगा।
पार्टी के संस्थापक सतेंद्र यादव ने बयान जारी करते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा बढ़ाया गया हाउस टैक्स जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर लिया गया फैसला है। उन्होंने कहा कि शहर के व्यापारी और आम नागरिक पहले से ही आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, ऐसे में टैक्स बढ़ाना पूरी तरह अनुचित है।
सतेंद्र यादव ने बताया कि वरिष्ठ समाजसेवी गोपीचंद लाला जी के उद्योग व्यापार मंडल तथा व्यापार मंडल के विभिन्न संगठनों द्वारा इस मुद्दे पर जो अभियान चलाया जा रहा है, सुभास पार्टी उसका पुरजोर समर्थन करती है। उन्होंने नगर निगम के साहसी पार्षद धीरेंद्र यादव (बिल्लू भाई) द्वारा शुरू किए गए इस आंदोलन को भी जनहित का महत्वपूर्ण कदम बताया।
पार्टी ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट हों। सतेंद्र यादव ने कहा कि यदि नगर निगम ने जनता की आवाज को अनसुना किया तो आगे और भी व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ