चंद्रशेखर आजाद, जो सदा आजाद रहे।

फ्यूचर लाइन टाईम्स, 27 फरवरी/बलिदान-दिवस । चंद्रशेखर आजाद, जो सदा आजाद रहे।


भारतीय स्वतन्त्रता संग्राम के सेनानियों में चन्द्रशेखर आजाद का नाम सदा अग्रणी रहेगा। उनका जन्म 23 जुलाई, 1906 को ग्राम माबरा (झाबुआ, मध्य प्रदेश) में हुआ था। उनके पूर्वज गाँव बदरका (जिला उन्नाव, उत्तर प्रदेश) के निवासी थे; पर अकाल के कारण इनके पिता श्री सीताराम तिवारी माबरा में आकर बस गये थे। 

बचपन से ही चन्द्रशेखर का मन अंग्रेजों के अत्याचार देखकर सुलगता रहता था। किशोरावस्था में वे भागकर अपनी बुआ के पास बनारस आ गये और संस्कृत विद्यापीठ में पढ़ने लगे। 

बनारस में ही वे पहली बार विदेशी सामान बेचने वाली एक दुकान के सामने धरना देते हुए पकड़े गये। थाने में हुई पूछताछ में उन्होंने अपना नाम आजाद, पिता का नाम स्वतन्त्रता और घर का पता जेलखाना बताया। इस पर बौखलाकर थानेदार ने इन्हें 15 बेंतों की सजा दी। हर बेंत पर ये ‘भारत माता की जय’ बोलते थे। तब से ही इनका नाम 'आजाद' प्रचलित हो गया।

आगे चलकर आजाद ने सशस्त्र क्रान्ति के माध्यम से देश को आजाद कराने वाले युवकों का एक दल बना लिया। भगतसिंह, सुखदेव, राजगुरु, बिस्मिल, अशफाक, मन्मथनाथ गुप्त, शचीन्द्रनाथ सान्याल, जयदेव आदि उनके सहयोगी थे। 

आजाद तथा उनके सहयोगियों ने नौ अगस्त, 1925 को लखनऊ से सहारनपुर जाने वाली रेल को काकोरी स्टेशन के पास रोककर सरकारी खजाना लूट लिया। यह अंग्रेज शासन को खुली चुनौती थी, अतः सरकार ने क्रान्तिकारियों को पकड़ने में पूरी ताकत झोंक दी।

पर आजाद को पकड़ना इतना आसान नहीं था। वे वेष बदलकर क्रान्तिकारियों के संगठन में लगे रहे। ग्वालियर में रहकर इन्होंने गाड़ी चलाना और उसकी मरम्मत करना भी सीखा। 

17 दिसम्बर, 1928 को इनकी प्रेरणा से ही भगतसिंह, सुखदेव, राजगुरु आदि ने लाहौर में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के ठीक सामने सांडर्स को यमलोक पहुँचा दिया। अब तो पुलिस बौखला गयी; पर क्रान्तिवीर अपने काम में लगे रहे।

कुछ समय बाद क्रान्तिकारियों ने लाहौर विधानभवन में बम फेंका। यद्यपि उसका उद्देश्य किसी को नुकसान पहुँचाना नहीं था। बम फेंककर भगतसिंह तथा बटुकेश्वर दत्त ने आत्मसमर्पण कर दिया। उनके वीरतापूर्ण वक्तव्यों सेे जनता में क्रान्तिकारियों के प्रति फैलाये जा रहे भ्रम दूर हुए। दूसरी ओर अनेक क्रान्तिकारी पकड़े भी गये। उनमें से कुछ पुलिस के अत्याचार न सह पाये और मुखबिरी कर बैठे। इससे क्रान्तिकारी आन्दोलन कमजोर पड़ गया। 

वह 27 फरवरी, 1931 का दिन था। पुलिस को किसी मुखबिर से समाचार मिला कि आज प्रयाग के अल्फ्रेड पार्क में चन्द्रशेखर आजाद किसी से मिलने वाले हैं। पुलिस नेे समय गँवाये बिना पार्क को घेर लिया। आजाद एक पेड़ के नीचे बैठकर अपने साथी की प्रतीक्षा कर रहे थे। जैसे ही उनकी निगाह पुलिस पर पड़ी, वे पिस्तौल निकालकर पेड़ के पीछे छिप गये। 

कुछ ही देर में दोनों ओर से गोली चलनेे लगी। इधर चन्द्रशेखर आजाद अकेले थे और उधर कई जवान। जब आजाद की पिस्तौल में एक गोली रह गयी, तो उन्होंने देश की मिट्टी अपने माथे से लगायी और उस अन्तिम गोली को अपनी कनपटी में मार लिया। उनका संकल्प था कि वे आजाद ही जन्मे हैं और मरते दम तक आजाद ही रहेंगे। उन्होंने इस प्रकार अपना संकल्प निभाया और जीते जी पुलिस के हाथ नहीं आये।

27 फरवरी/जन्म-दिवस संकीर्तन द्वारा धर्म बचाने वाले चैतन्य महाप्रभु अपने संकीर्तन द्वारा पूर्वोत्तर में धर्म बचाने वाले निमाई (चैतन्य महाप्रभु) का जन्म विक्रमी सम्वत् 1542 की फागुन पूर्णिमा (27 फरवरी, 1486) को बंगाल के प्रसिद्ध शिक्षा-केन्द्र नदिया (नवद्वीप) में हुआ था। इनके पिता पण्डित जगन्नाथ मिश्र तथा माता शची देवी थीं। 

बालपन से ही आँगन में नीम के नीचे वे कृष्णलीला करते रहते थे। इसी से इनका नाम निमाई हुआ। देहान्त के बाद इसी पेड़ की लकड़ी से इनकी मूर्ति बनाकर वहाँ स्थापित की गयी। 

एक बार बाग में खेलते समय इनके सम्मुख एक नाग आ गया। निमाई ने श्रीकृष्ण की तरह उसके मस्तक पर अपना पैर रख दिया। बच्चे शोर करते हुए घर की ओर भागे। माँ ने यह देखा, तो वे घबरा गयीं; पर थोड़ी देर में नाग चला गया। तब से सब लोग इन्हें चमत्कारी बालक मानने लगे। 

16 वर्ष की अवस्था में उन्होंने प्रसिद्ध विद्वान् वासुदेव सार्वभौम के पास जाकर न्यायशास्त्र का अध्ययन कर नदिया में अपनी पाठशाला स्थापित कर ली। कुछ समय में ही उनके शिक्षण की सर्वत्र चर्चा होने लगी।

इनका विवाह सूरदास के गुरु वल्लभाचार्य की पुत्री लक्ष्मी से हुआ; पर कुछ समय बाद ही सर्पदंश से वह चल बसी। सबके आग्रह पर उन्होंने विष्णुप्रिया से पुनर्विवाह किया। पिता के देहान्त के बाद उनका श्राद्ध करने वे गया गये। वहाँ उनकी भेंट स्वामी ईश्वरपुरी से हुई। इससे उनका जीवन बदल गया। अब वे दिन रात श्रीकृष्ण-भक्ति में डूबे रहने लगे। 

उन्होंने पाठशाला बन्द कर दी और 24 वर्ष की अवस्था में मकर संक्रान्ति पर स्वामी केशवानन्द भारती से संन्यास की दीक्षा ले ली। उन्हें श्रीकृष्ण चैतन्य नाम दिया गया। कुछ समय बाद लोग उन्हें चैतन्य महाप्रभु कहने लगे।

अब वे कुछ भक्तों के साथ वृन्दावन की ओर निकल पड़े। वहाँ उनकी भेंट बंगाल के ही एक युवा संन्यासी निताई से हुई। आगे चलकर चैतन्य महाप्रभु के भक्ति आन्दोलन में निताई का विशेष योगदान रहा। निताई के बाद नित्यानन्द, अद्वैत, हरिदास, श्रीधर, मुरारी, मुकुन्द, श्रीवास आदि विविध जाति एवं वंश के भक्त इनके साथ जुड़ गये। इनके संकीर्तन से भक्ति की धूम मच गयी। जहाँ भी वे जाते, लोग कीर्तन करते हुए इनके पीछे चल देते।

उन दिनों बंगाल में मुस्लिम नवाबों का बहुत आतंक था; पर इनके प्रभाव से अनेक का स्वभाव बदल गया। धीरे-धीरे निमाई को लगा कि प्रभुनाम के प्रचार के लिए घर छोड़ना होगा। अतः वे जगन्नाथपुरी जाकर रहने लगे। वहाँ वे कीर्तन एवं भक्ति के आवेश में बेसुध हो जाते थे। 

कुछ समय बाद वे यात्रा पर निकले। सब स्थानों पर इनके कीर्तन से सुप्त और भयभीत हिन्दुओं में चेतना आयी। धर्म छोड़ने जा रहे लोग रुक गये। दो वर्ष तक दक्षिण और पश्चिम के तीर्थों की यात्रा कर वे फिर पुरी आ गये। 

विक्रम सम्वत् 1590 की आषाढ़ सप्तमी वाले दिन ये जगन्नाथ मन्दिर में भक्ति के आवेश में मूर्ति से लिपट गये। कहते हैं कि इनके अन्दर जाते ही मन्दिर के द्वार स्वयमेव बन्द हो गये। बाद में द्वार खोलने पर वहाँ कोई नहीं मिला। इनके भक्तों की मान्यता है कि ये मूर्ति में ही समाहित हो गये। कुछ लोग इनके देहान्त का कारण आवेशवस्था में समुद्र में डूबना बताते हैं।

संकीर्तन के माध्यम से भी धर्म की रक्षा हो सकती है, यह चैतन्य महाप्रभु ने सिद्ध कर दिखाया। आज भी जब वैष्णव भक्त संकीर्तन करते हैं, तो एक अद्भुत दृश्य उत्पन्न हो जाता है।

 इस प्रकार के भाव पूण्य संदेश के लेखक एवं भेजने वाले महावीर सिघंल 

Post a Comment

0 Comments