ग्रेटर नौएडा। फ्यूचर ऐकेडमी ग्रेटर नौएडा की कोच मुन्नी नागर ने बताया कि भुवनेश्वर में आयोजित प्रथम राष्ट्रीय इंडोर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2026 में उत्तर प्रदेश की धाविका कुमारी सेलोनी नागर ने महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया राष्ट्रीय इंडोर रिकॉर्ड बना दिया। सलोनी नागर ने यह दौड़ 53.73 सेकंड में पूरी कर पहला स्थान हासिल किया और भारत का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
इससे पहले यह रिकॉर्ड 53.89 सेकंड का था, जो पिंकी प्रामाणिक के नाम दर्ज था। सलोनी ने अपने दमदार प्रदर्शन से पुराने रिकॉर्ड को तोड़ते हुए भारतीय एथलेटिक्स में नया इतिहास रच दिया। सलोनी नागर मूल रूप से गांव धूम खेड़ा, दादरी गौतमबुद्ध नगर(पोस्ट – यूपी पुलिस) की रहने वाली हैं। वह पिछले 7 वर्षों से ग्रेटर नोएडा स्थित “द एथलेटिक्स फ्यूचर अकादमी” में नियमित अभ्यास कर रही हैं। उनके इस शानदार प्रदर्शन के पीछे उनके कोच मुन्नी नागर का महत्वपूर्ण योगदान बताया जा रहा है, जिन्होंने लगातार मार्गदर्शन और प्रशिक्षण देकर उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
इस प्रतियोगिता में दूसरा स्थान ओडिशा की सुखी बास्के ने 55.67 सेकंड के समय के साथ प्राप्त किया, जबकि तीसरे स्थान पर तेलंगाना की प्रवालिका नरिम रहीं, जिन्होंने 56.40 सेकंड में दौड़ पूरी की। वहीं कर्नाटक की उन्नथी बोल्लांड 56.45 सेकंड के समय के साथ चौथे स्थान पर रहीं।
सलोनी नागर की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से दादरी और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र और देश के लिए गर्व का क्षण बताया है। विशेषज्ञों का मानना है कि सेलोनी का यह प्रदर्शन आने वाले अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के लिए नई उम्मीदें जगाता है।
0 टिप्पणियाँ